‘Neighbourhood First’ नीति और ‘Vision SAGAR’ में भारत का अहम भागीदार है श्रीलंका: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला
‘Neighbourhood First’ नीति और ‘Vision SAGAR’ में भारत का अहम भागीदार है श्रीलंका: लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज श्रीलंका–भारत संसदीय मैत्री संघ के 24 सदस्यीय शिष्टमंडल से संसद भवन मे औपचारिक भेंट की। इस शिष्टमंडल का नेतृत्व श्रीलंका के स्वास्थ्य एवं जनसंचार मंत्री तथा श्रीलंका–भारत संसदीय मैत्री संघ के अध्यक्ष डॉ. नलिन्दा जयतिस्सा ने किया।
बैठक के दौरान माननीय अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि “भारत और श्रीलंका के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध रहे हैं। यह संबंध आज एक मजबूत बहुआयामी साझेदारी में बदल चुके हैं। भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘विजन सागर’ में श्रीलंका का विशेष महत्व है।”
Pleased to meet the distinguished Parliamentary Delegation from Sri Lanka, visiting India for a special training programme organised by @LokSabha_PRIDE. Such exchanges strengthen parliamentary diplomacy and deepen our democratic cooperation.#IndiaSriLanka #ParliamentaryDiplomacy pic.twitter.com/HZoDUJb2B1
भारत और श्रीलंका के बीच हाल के वर्षों में हुए उच्चस्तरीय आदान–प्रदानों का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अप्रैल 2025 की श्रीलंका यात्रा और श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री अनुरा कुमारा दिसानायके की दिसंबर 2024 की भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों में मील का पत्थर बताया।
श्री बिरला ने श्रीलंका की वर्तमान संसद में भारत–श्रीलंका संसदीय मैत्री संघ की स्थापना का स्वागत करते हुए कहा कि यह द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की संसदों के बीच संस्थागत सहयोग और नियमित संवाद की आवश्यकता है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के अनुभव साझा किए जा सकें। दोनों देशों की संसदों के बीच आपसी संवाद और अनुभवों का आदान–प्रदान लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
Underlined the deep cultural and people to people ties between India and Sri Lanka. Welcomed formation of Sri Lanka–India Parliamentary Friendship Group in Sri Lankan parliament. Sri Lanka holds a special place in India’s ‘Neighbourhood First’ policy and ‘Vision SAGAR’ pic.twitter.com/j6Ot2my40h
श्री बिरला ने कहा कि दोनों देशों की साझी विरासत हजारों वर्षों पुरानी है। उन्होने कहा कि भारत और श्रीलंका के द्विपक्षिय संबंधों मे गहरे सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंध, महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने रामायण और बौद्ध पर्यटन सर्किटों के विकास, सांस्कृतिक आदान–प्रदान और लोगों के बीच बढ़ते संपर्क को द्विपक्षीय संबंधों की सुदृढ़ता का आधार बताया।
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की संसद में AI Technology का प्रयोग और डिजिटल इनोवेशन से पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता बढ़ी है और Paperless Proceedings को बढ़ावा मिला है। श्री बिरला ने 110 से अधिक देशों के विधायकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने में PRIDE की भूमिका को साझा किया और कहा कि भारत इन नवाचारों को अन्य देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है।
श्रीलंका के स्वास्थ्य एवं जनसंचार मंत्री तथा श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष डॉ. नलिन्दा जयतिस्सा ने श्रीलंका में आर्थिक संकट के दौरान प्रथम प्रतिक्रियादाता के रूप में सहायता के लिए भारत को धन्यवाद दिया । डॉ. नलिन्दा जयतिस्सा ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए भारत की भूमिका की सराहना की । उन्होंने स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में भारत के सहयोग को श्रीलंका के लिए बताया।
भारत और श्रीलंका के बीच वर्तमान सहयोग अब निवेश आधारित विकास, अनुदान सहायता, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान–प्रदान पर केन्द्रित है। दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, संचार और धार्मिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी कई समझौते किए हैं।
श्रीलंका प्रतिनिधिमंडल 26 से 30 अगस्त 2025 तक भारत के दौरे पर है। इसमें 20 संसद सदस्य और 4 संसदीय स्टाफ शामिल हैं। 20 सांसदों में से 14 सांसद सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर (NPP) से हैं, तीन सांसद समागी जन बालावेगया (SJB) से तथा एक–एक सांसद ऑल सीलोन तमिल कांग्रेस (ACTC), इलंकई तमिल अरसु काची (ITAK) और न्यू डेमोक्रेटिक फ्रंट (NDF) से हैं।
***