Current Affairs

वैश्विक बाजार में पर्यटन का प्रचार-प्रसार

वैश्विक बाजार में पर्यटन का प्रचार-प्रसार

पर्यटन मंत्रालय भारतीय दूतावासों के सहयोग से प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों में भारत को एक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देता है। भारतीय दूतावास प्रमुख विदेशी पर्यटन व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों सहित निजी और सरकारी हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हैं, पर्यटन रोड शो, खाद्य उत्सवों का आयोजन करते हैं, स्थानीय पर्यटन संचालकों और अन्य उद्योग हितधारकों के साथ संपर्क स्थापित करते हैं, व्यापार बैठकों और परिचयात्मक यात्राओं का आयोजन करते हैं और सोशल मीडिया और मीडिया सहभागिता गतिविधियों के माध्यम से प्रचार करते हैं।

मंत्रालय देखो अपना देश‘, ‘भारत पर्वऔर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से घरेलू पर्यटन को मजबूत करने का प्रयास करता है।

देखो अपना देश पहल का उद्देश्य भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देना और घरेलू यात्रा को प्रोत्साहित करना है। इस पहल के तहत पर्यटन मंत्रालय ने विभिन्न कम ज्ञात स्थलों पर वेबिनार, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं और अन्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित की हैं। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के सहयोग से कई घरेलू प्रचार कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

पर्यटन मंत्रालय हर वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत भारत पर्व कार्यक्रम का आयोजन करता है। यह कार्यक्रम देश की समृद्ध सांस्कृतिक, कलात्मक, पाक कला और आध्यात्मिक विविधता को प्रदर्शित करता है और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है। इस कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस की झांकियां, खाद्य उत्सव, हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों की भागीदारी, राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन विभागों और केंद्रीय मंत्रालयों के पवेलियन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे ग्राम को सम्मानित करने के लिए किया गया था जो सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदाओं के संरक्षण, सामुदायिक मूल्यों और जीवनशैली को बढ़ावा देने और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के संबंध में एक पर्यटन स्थल का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत करता है। वर्ष 2023 और 2024 में आयोजित सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता के पिछले दो संस्करणों में कुल 71 ग्रामों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम के रूप में मान्यता दी गई थी।

पर्यटन मंत्रालय ने भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी एमआईसीई के रूप में स्थापित करने के लिए, एमआईसीई से जुड़े उद्योगों के लिए एक राष्ट्रीय रणनीति और रोडमैप विकसित किया है। इसी पहल के तहत, वर्ष 2021 में “मीट इन इंडिया” की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य भारत को मेगा कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शनियों के केंद्र के रूप में बढ़ावा देना, जागरूकता बढ़ाना और देश की एमआईसीई क्षमता के बारे में एक सकारात्मक वैश्विक धारणा का निर्माण करना है।

पर्यटन मंत्रालय ने भारत को विश्व स्तर पर एक प्रमुख विवाह स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए 2023 में “इंडिया सेज आई डू” अभियान भी शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य भारत में विवाह के लिए उपलब्ध विविधतापूर्ण, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से जीवंत स्थलों को प्रदर्शित करना है, जिनमें शाही महल और ऐतिहासिक किले से लेकर समुद्र तट, पहाड़ और नदी के किनारे शामिल हैं।

वर्ष 2024 और 2025 में, पर्यटन मंत्रालय ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के सहयोग से, जयपुर में ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (जीआईटीबी) के दौरान “वेड इन इंडिया” एक्सपो और “मीट इन इंडिया” सम्मेलन का आयोजन किया।

पर्यटन मंत्रालय ने पर्यटकों के आगमन, पर्यटन पर होने वाले खर्च और पर्यटन स्थलों की यात्राओं पर इन प्रचार उपायों के प्रभाव का मूल्यांकन करने के लिए कोई आकलन नहीं किया है।

पर्यटन मंत्रालय भारत को एक समग्र पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देता है, ताकि तटीय और ग्रामीण पर्यटन स्थलों सहित विभिन्न भारतीय पर्यटन उत्पादों को बढ़ावा दिया जा सके। इन उद्देश्यों को ट्रैवल ट्रेड, राज्य सरकारों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से की जाने वाली विभिन्न विपणन और प्रचार गतिविधियों के माध्यम से पूरा किया जाता है।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।

आगंतुक पटल : 104