Wednesday, January 28, 2026
Latest:
Current Affairs

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उपाय

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उपाय

पर्यटन मंत्रालय देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण और संभावित पर्यटन बाजारों में विभिन्न प्रचार गतिविधियां संचालित करता है। पर्यटन मंत्रालय, भारतीय दूतावासों के सहयोग से, विभिन्न वैश्विक यात्रा व्यापार प्रदर्शनियों और मेलों में भागीदारी, विदेशी पर्यटन संचालकों, मीडिया कर्मियों और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के लिए परिचयात्मक दौरों का आयोजन, विदेशों में भारतीय खाद्य उत्सवों का आयोजन, स्थानीय पर्यटन संचालकों और उद्योग हितधारकों के साथ व्यापारिक कार्यक्रमों का आयोजन, सोशल मीडिया के माध्यम से पर्यटन स्थलों, उत्पादों और त्योहारों का प्रचार आदि जैसे कई पहल करता है।

पर्यटन मंत्रालयदेखो अपना देश‘, ‘भारत पर्वऔर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिताआदि जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से घरेलू पर्यटन को सुदृढ़ करने का प्रयास करता है।

देखो अपना देश पहल का उद्देश्य भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देना और घरेलू यात्रा को प्रोत्साहित करना है। इस पहल के तहत, पर्यटन मंत्रालय ने विभिन्न अल्प ज्ञात स्थलों पर वेबिनार, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं और अन्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित की हैं। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के सहयोग से कई घरेलू प्रचार कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

भारत पर्व पर्यटन मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित किया जाने वाला एक प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम है। यह आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, कलात्मक, पाक कला और आध्यात्मिक विविधता को प्रदर्शित करता है और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखता है। इस कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस की झांकियों का प्रदर्शन, खाद्य उत्सव, हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगरों की भागीदारी, राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन विभागों और केंद्रीय मंत्रालयों के पवेलियन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आदि शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे गांव को सम्मानित करने के लिए किया गया था जो सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदाओं के संरक्षण, सामुदायिक मूल्यों और जीवनशैली को बढ़ावा देने और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के मामले में पर्यटन स्थल का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत करता है। 2023 और 2024 में आयोजित सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता के पिछले दो संस्करणों में कुल 71 गांवों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम के रूप में मान्यता दी गई थी।

भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी एमआईसीई गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए, पर्यटन मंत्रालय ने एमआईसीई उद्योग के लिए एक राष्ट्रीय रणनीति और रोडमैप विकसित किया है। इसी पहल के तहत, 2021 में “मीट इन इंडिया” उप-ब्रांड लॉन्च किया गया था, जिसका उद्देश्य भारत को मेगा कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शनियों के केंद्र के रूप में बढ़ावा देना, जागरूकता पैदा करना और देश की एमआईसीई क्षमता के बारे में एक सकारात्मक वैश्विक धारणा का निर्माण करना है।

पर्यटन मंत्रालय ने भारत को विश्व स्तर पर एक प्रमुख विवाह स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए 2023 में “इंडिया सेज़ आई डू” अभियान शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य भारत में विवाह के लिए उपलब्ध विविधतापूर्ण, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से जीवंत स्थलों को प्रदर्शित करना है, जिनमें शाही महल और ऐतिहासिक किले से लेकर सुरम्य समुद्र तट, पहाड़ और नदी किनारे शामिल हैं।

वर्ष 2024 और 2025 में, पर्यटन मंत्रालय ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के सहयोग से, जयपुर में ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (जीआईटीबी) के दौरान क्रमशः “वेड इन इंडिया” एक्सपो और “मीट इन इंडिया” सम्मेलन का आयोजन किया।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह जानकारी आज राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में दी।

 

आगंतुक पटल : 84