पंचायतों के लिए एआई प्रोत्साहन: केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह आज नई दिल्ली में ‘सभासार’ का शुभारंभ करेंगे
पंचायतों के लिए एआई प्रोत्साहन: केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह आज नई दिल्ली में ‘सभासार’ का शुभारंभ करेंगे
पंचायती राज मंत्रालय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित बैठक विवरण तैयार करने वाले उपकरण सभासार का शुभारंभ करने जा रहा है। इसे ग्राम सभा या अन्य पंचायत बैठकों की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग से इन बैठकों की मुख्य बिंदुओं व निर्णयों को स्वचालित रूप से तैयार करने के लिए विकसित किया गया है।
इसका शुभारंभ आज नई दिल्ली में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी.सिंह बघेल की उपस्थिति में होगा।
सभासार, उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (एनएलपी) तकनीकों का उपयोग करके मौखिक चर्चाओं को लिपिबद्ध करता है, प्रमुख निर्णयों और कार्य-बिंदुओं की पहचान करता है और सुव्यवस्थित बैठक विवरण तैयार करता है। सरकार के राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन, भाषिणी के साथ एकीकृत यह उपकरण वर्तमान में 13 भारतीय भाषाओं में काम करता है, जिससे सभी भाषाई पृष्ठभूमि वाले पंचायत पदाधिकारियों के लिए समावेशिता और पहुंच सुनिश्चित होती है। भविष्य में अन्य भाषाओं की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।
पंचायती राज मंत्रालय ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से 15 अगस्त 2025 को होने वाली विशेष ग्राम सभाओं की बैठकों का विवरण तैयार करने के लिए सभासार टूल का उपयोग करने का आग्रह किया है। पहले चरण में त्रिपुरा की सभी 1194 ग्राम पंचायतें (पारंपरिक स्थानीय निकायों सहित) इन विशेष ग्राम सभाओं की बैठकों का विवरण तैयार करने के लिए इस टूल का उपयोग करेंगी।
सभासार एक ऐसी पहल है जो सहभागी लोकतंत्र को और मज़बूत करने तथा स्थानीय शासन में दक्षता बढ़ाने के लिए डिजिटल नवाचारों का उपयोग करती है। मैन्युअल दस्तावेज़ीकरण में लगने वाले समय और प्रयास को उल्लेखनीय रूप से कम करके, सभासार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए पंचायत अधिकारियों को शासन और सेवा वितरण पर ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाता है।