Wednesday, January 28, 2026
Latest:
Current Affairs

इंडियन कल्चर पोर्टल लाल किले पर आयोजित भारत पर्व 2026 में सहभागी बना, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन

इंडियन कल्चर पोर्टल लाल किले पर आयोजित भारत पर्व 2026 में सहभागी बना, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन

इंडियन कल्चर पोर्टल (आईसीपी), जो भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 26 से 31 जनवरी 2026 तक लाल किला, नई दिल्ली में आयोजित भारत पर्व 2026 में सहभागिता कर रहा है। पोर्टल देश भर के नागरिकों, परिवारों, छात्रों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और संस्कृति प्रेमियों को अपने स्टॉल पर आने और भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने के लिए सादर आमंत्रित करता है।

माननीय लोकसभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला और माननीय केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, श्री गजेंद्र सिंह शेखवत द्वारा उद्घाटित भारत पर्व 2026, एक जीवंत राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य कर रहा है, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, कलात्मक, पाक-कला (व्यंजन) और आध्यात्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करता है।

इंडियन कल्चर पोर्टल के स्टॉल (स्टॉल संख्या 8 – केंद्रीय मंत्रालय स्टॉल) पर आगंतुक आकर्षक पैनलों, क्यूरेटेड सामग्री और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से भारत की मूर्त और अमूर्त विरासत का अवलोकन कर सकते हैं। यहाँ के मुख्य आकर्षणों में शामिल हैं:

मराठा सैन्य परिदृश्य — इसके अंतर्गत छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक स्थल रायगढ़ और तमिलनाडु के जिंजी किले जैसे प्रतिष्ठित किलों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

दीपावली: प्रकाश की एक जीवंत विरासत — इस त्योहार की क्षेत्रीय विविधता और सांस्कृतिक महत्व का उत्सव मनाया जा रहा है, क्योंकि हाल ही में दीपावली को आधिकारिक तौर पर यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया है।

जीवटता और पुनरुत्थान के 1,000 वर्षों का उत्सव — श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर के इतिहास और पुनर्निर्माण की गाथा, जो भारत की चिरस्थायी सभ्यता की भावना का प्रतीक है।

इंडियन कल्चर पोर्टल के स्टॉल पर आगंतुकों को जोड़ने के लिए कई इंटरैक्टिव एक्टिविटीज का आयोजन किया गया है। भारतीय संस्कृति पर एक प्रश्नोत्तरी आयोजित की जा रही है, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम, साझा विरासत, त्योहारों, संगीत और नृत्य परंपराओं, वास्तुकला के चमत्कारों और भारत की समृद्ध वस्त्र (टेक्सटाइल) परंपराओं जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

स्टॉल पर आने वाले शिक्षकों के लिए विशेष रूप से एक दैनिक लकी ड्रा भी आयोजित किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों के उत्सव के अनुभव को और भी यादगार बना रहा है।

इंडियन कल्चर पोर्टल के बारे में:

इंडियन कल्चर पोर्टल (www.indianculture.gov.in) संस्कृति मंत्रालय द्वारा विकसित एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत तक पहुँचने के लिए एक यूनिफाइड गेटवे प्रदान करता है। यह पोर्टल देश भर के संग्रहालयों, अभिलेखागारों, पुस्तकालयों, अकादमियों और सांस्कृतिक संस्थानों के डिजिटल संग्रह को एक साथ लाता है। इसमें विशेष रूप से तैयार की गई कहानियाँ, वर्चुअल प्रदर्शनियाँ, पांडुलिपियाँ, कलाकृतियाँ, ऑडियो-विजुअल सामग्री और शोध संसाधन उपलब्ध हैं। प्रौद्योगिकी का लाभ उठाते हुए, इस पोर्टल का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक संपदा को नागरिकों, विद्वानों और वैश्विक दर्शकों के लिए सुलभ बनाना है, साथ ही राष्ट्र की विरासत के प्रति जागरूकता, शिक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देना है।

भारत पर्व में आने वाले आगंतुकों को भारतीय संस्कृति पोर्टल के स्टॉल पर यह जानने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है कि कैसे यह पोर्टल भारत के समृद्ध अतीत को डिजिटल भविष्य से जोड़ता है जिससे देश की विशाल सभ्यतागत विरासत तक निर्बाध पहुँच संभव होती है। स्टॉल पर आने वाले छात्रों और अन्य आगंतुकों को उपहार भी दिए जा रहे हैं। सभी आगंतुकों को इन गतिविधियों में भाग लेने और रोमांचक पुरस्कार जीतने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

आगंतुक पटल : 244